– 14 करोड़ के गहनों की की थी प्रिंस कुमार ने लूट
सिद्धबली न्यूज डेस्क
देहरादून। रिलायंस ज्वेलरी शोरूम, देहरादून में 14 करोड़ रुपए के जेवर लूटने के मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार को पुलिस ने बिहार से दबोच लिया है। पुलिस आरोपी को देहरादून लाकर कोर्ट में पेश करेगी।
बताते चलें कि डकैती डालने शोरूम पहुंचे पांच बदमाशों में अब तक तीन हत्थे चढ़ चुके हैं। जबकि, दो की तलाश की जा रही है। दून में सचिवालय से कुछ कदम की दूरी पर स्थित रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में बीते नौ नवंबर को डकैती पड़ी थी। डकैत शोरूम से 150 करोड़ रुपये के गहने ले गए थे। इस मामले में फरार बदमाशों में प्रिंस कुमार पुत्र शिवनाथ सिंह निवासी पानापुर दिलावरपुर वैशाली बिहार भी शामिल था। प्रिंस समेत उसके बाकी साथियों की तलाश में पुलिस टीमें बिहार में डेरा डाले हुए हैं। वहां बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाकर पुलिस ने आरोपी को वैशाली से पकड़ने में कामयाबी हासिल कर ली। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी को बिहार कोर्ट में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर दून लाया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह ने बताया कि दून में डकैती के आरोपियों को दबोचने में साइबर ठगों को ट्रैस करने वाली तकनीक काम आई है। इसके जरिए तीन मुख्य बदमाश पकड़े गए हैं। बाकी की गिरफ्तारी को इसी तकनीकी का इस्तेमाल किया जा रहा है।