जीईसी सुखरौ में आयोजित की गई डिजिटल उड़ान” कार्यशाला
सिद्धबली न्यूज डेस्क
कोटद्वार। उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तराखण्ड शासन के सहयोग से इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी, मैनेजमेंट एंड साइंसेज (आईएचएमएस), कोटद्वार द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज, सुखरो, कोटद्वार में “डिजिटल उड़ान: विद्यालयी शिक्षा में डिजिटल विभाजन को पाटते हुए पौड़ी गढ़वाल के विद्यार्थियों को सशक्त बनाना” विषय पर विज्ञान लोकप्रियकरण (Science Popularization Programme) कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत श्री बृजेश उपाध्याय, प्रवक्ता (रसायन विज्ञान), राजकीय इंटर कॉलेज, सुखरो द्वारा किया गया। कार्यक्रम में यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, यूकॉस्ट के वैज्ञानिक डॉ. राजेन्द्र सिंह राणा, प्रो. (डॉ.) हर्ष कुमार (डीन, विवेक विश्वविद्यालय, बिजनौर), डॉ. सिद्धार्थ घनसेला (जी.बी. पंत इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, पौड़ी), डॉ. प्रदीप सेमवाल (श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, देहरादून) तथा डॉ. राजीव कुमार (प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, एमआईटी, मुरादाबाद) गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन जुड़े।
अपने संबोधन में प्रो. दुर्गेश पंत ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने तथा डिजिटल तकनीकों का रचनात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. राजेन्द्र सिंह राणा ने विज्ञान लोकप्रियकरण कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से विज्ञान एवं नवाचार को अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) हर्ष कुमार ने डिजिटल शिक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं भविष्य की तकनीकों पर अपने विचार साझा किए। डॉ. सिद्धार्थ घनसेला ने साइबर सुरक्षा, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए। डॉ. प्रदीप सेमवाल ने आधुनिक डिजिटल तकनीकों एवं नवाचार की उपयोगिता पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. राजीव कुमार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं तकनीकी नवाचारों में उपलब्ध करियर संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम में डॉ. संजय शर्मा, प्रोफेसर, श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, देहरादून, श्री अनुराग सेमवाल, विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर एप्लीकेशंस, आईएचएमएस, कोटद्वार तथा श्री कौशल कुमार, विवेक विश्वविद्यालय, बिजनौर ने प्रत्यक्ष रूप से तकनीकी सत्रों का संचालन किया। कार्यशाला के आयोजक एवं यूकॉस्ट समर्थित एससीपी परियोजना के प्रोजेक्ट अन्वेषक (PI) डॉ. प्रवीण त्रिपाठी, एसोसिएट प्रोफेसर, कंप्यूटर एप्लीकेशंस विभाग, आईएचएमएस, कोटद्वार ने डिजिटल साक्षरता विषय पर व्याख्यान देते हुए विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं प्रभावी डिजिटल संसाधनों के उपयोग तथा डिजिटल विभाजन को समाप्त करने में तकनीक की भूमिका से परिचित कराया। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
कार्यशाला में राजकीय इंटर कॉलेज, सुखरो के लगभग 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा उत्कृष्ट सहयोग देने वाले स्वयंसेवकों एवं सक्रिय प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री आर. एस. रावत, प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज, सुखरो, श्री बृजेश उपाध्याय, विद्यालय परिवार, आईएचएमएस की टीम तथा एनएसएस स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में श्री बृजेश उपाध्याय ने सभी अतिथियों, यूकॉस्ट, विशेषज्ञों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।