नवयुग पब्लिक स्कूल में आयुष रावत हेड और साक्षी नेगी बनीं हेड गर्ल

नेतृत्व क्षमता के विकास के उद्देश्य से छात्र परिषद का हुआ चुनाव

सिद्धबली न्यूज डेडक

कोटद्वार। नवयुग पब्लिक स्कूल मोटाढाक में विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता के विकास के उद्देश्य से सोमवार को छात्र परिषद का चुनाव संपन्न हुआ। प्रधानाचार्य नीलम नेगी ने चुनाव आयुक्त की भूमिका निभाते हुए पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। मतगणना के बाद आयुष रावत हेड ब्वॉय और साक्षी नेगी हेड गर्ल निर्वाचित घोषित किए गए। परिणाम की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया जिसमें प्रधानाचार्य ने सभी पदाधिकारियों को निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ दायित्व निभाने की शपथ दिलाई।

पब्लिक स्कूल, मोटाढाक में शनिवार को छात्र परिषद (स्टूडेंट काउंसिल) के चुनाव लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। मतदान से पूर्व सभी छात्र-मतदाताओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष निर्वाचन एवं मताधिकार के महत्व पर आधारित प्रेरणादायी डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई।

विद्यालय के सभागार में मतदान हेतु दो मतदान केंद्र (बूथ) बनाए गए, जहाँ सभी छात्र-मतदाताओं ने उत्साह एवं अनुशासन के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान सभी प्रत्याशी अपने पक्ष में विद्यार्थियों से समर्थन एवं मतदान करने की अपील करते दिखाई दिए।

चुनाव प्रक्रिया से पूर्व आयोजित डिबेट में सभी प्रत्याशियों ने अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए तथा विद्यालय की विभिन्न समस्याओं के समाधान एवं छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने घोषणा-पत्र (मैनिफेस्टो) जारी किए।विद्यालय की प्रधानाचार्या नीलम नेगी ने इस चुनाव में चुनाव आयुक्त की भूमिका का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया का पल-पल निरीक्षण करते हुए सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखी। मतदान प्रारंभ होने से पूर्व उन्होंने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएँ दीं तथा समस्त छात्र-मतदाताओं से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक भावना के साथ मतदान करने का आह्वान किया।चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन में सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रशासिका अर्पिता नेगी तथा पीठासीन अधिकारी शिक्षक अविनाश रावत एवं स्वाति रावत ने अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।

मतगणना पूर्ण होने के उपरांत इंटरवल के बाद चुनाव परिनाम घोषित किए गए, जिसमें आयुष रावतहेड बॉय तथा साक्षी नेगी हेड गर्ल पद पर विजयी घोषित हुए। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्साह का वातावरण छा गया तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विजयी प्रत्याशियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।

चुनावी परिणामों की घोषणा के उपरांत छात्र परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या नीलम नेगी ने सभी निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को निष्ठा, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया तथा विद्यालय एवं छात्र हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय प्रबंधन ने इस लोकतांत्रिक चुनाव को विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, अनुशासन तथा लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *