बच्चों ने महात्मा हंसराज, लाला लाजपत राय, गुरुदत्त ,नरेंद्र नाथ का स्वरूप धारण कर मोह मन
सिद्धबली न्यूज डेस्क
कोटद्वार। बलभद्रपुर स्थित डी ए वी पब्लिक स्कूल में दयानंद एंग्लो वैदिक विद्यालय के संस्थापक, आर्य समाज के प्रमुख नेता, सुप्रसिद्ध शिक्षाविद एवं समाज सुधारक महात्मा हंसराज की जयंती पूरी श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
सर्वप्रथम विद्यालय परिसर में हवन का आयोजन किया गया।जिसमें कक्षा पहली से सातवीं तक के बच्चों के द्वारा वेद मंत्रों के साथ आहुतियाँ दी गईं।

तत्पश्चात प्रातः कालीन सभा में कक्षा बारहवीं की रीतिका बडोला व चौथी कक्षा की अराधिका रावत ने महात्मा हंसराज के जीवन पर आधारित भाषण प्रस्तुत किया। इसके बाद तीसरी, चौथी एवं छठीं कक्षा के विद्यार्थियों ने हंसराज जी के जीवन पर आधारित सुंदर भजन प्रस्तुत किया। नन्हे- मुन्ने बच्चों ने महात्मा हंसराज व उनके सहयोगी लाला लाजपत राय, गुरुदत्त ,नरेंद्र नाथ आदि का स्वरूप धारण कर उनके आदर्श विचारों को प्रस्तुत कर सभी का मनमोह लिया।

इसके बाद उसके बाद धर्मशिक्षक हरिश्चंद्र शास्त्री जी ने महात्मा हंसराज जी के जीवन व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हंसराज जी जैसे महान तपस्वी के तप का ही फल है कि देश विदेश में डी ए वी विद्यालय एवं महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
इसके पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य नितिन भाटिया ने हंसराज जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शिक्षा के प्रचार-प्रसार और समाज के कल्याण में उनका योगदान अविस्मरणीय है और उन्होंने सभी विद्यार्थियों से संकल्प लिया कि वे महात्मा हंसराज के आदर्शो पर चलकर आज्ञाकारी, चरित्रवान, मेहनती और परोपकारी बनेंगे।
शांतिपाठ व प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया । इस पावन अवसर पर समस्त शिक्षक गण मौजूद रहे।