उद्योपति शैलेंद्र नेगी ने छात्रों को बताए सफल उद्यमी बनने के गुर

आईएचएमएस में आयोजित की गई एक दिवसीय  कार्यशाला

सिद्धबली न्यूज डेस्क

कोटद्वार। इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी, मैनेजमेंट एंड साइंसेज (आईएचएमएस), कोटद्वार के प्रबंधन विभाग की ओर से विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें बीबीए और एमबीए के छात्र छात्राओं को सफल उद्यमी बनने के गुर सिखाए गए।

बलभद्रपुर बीईएल रोड स्थित कॉलेज के सभागार में एक सफल उद्यमी कैसे बने विषय पर आयोजित कार्यशाला का बतौर मुख्‍य अतिथि कोश इनोवेशन के निदेशक शैलेंद्र सिंह नेगी और कॉलेज के प्रबंध निदेशक बीएस नेगी ने दीप प्रज्‍वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्‍य अतिथि शैलेंद्र सिंह नेगी ने विद्यार्थियों में उद्यमिता की समझ विकसित करने के साथ उन्हें अपने विचारों को अवसरों में बदलने और व्यावसायिक क्षेत्र में नई संभावनाओं की तलाश के लिए प्रेरित किया।

उन्‍होंने कहा कि किसी भी व्यवसाय की शुरुआत एक विचार से होती है, लेकिन उस विचार को सफल बनाने के लिए सही योजना, निर्णय लेने की क्षमता, निरंतर प्रयास और चुनौतियों का सामना करने का साहस आवश्यक है। केवल नया विचार होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे व्यवहार में उतारने और उसके आधार पर टिकाऊ व्यवसाय विकसित करने की क्षमता भी एक सफल उद्यमी के लिए जरूरी है। उन्‍होंने छात्र छात्राओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों और उनसे निपटने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही निर्णय लेने की क्षमता, नेतृत्व कौशल, जोखिमों को समझने और बदलते व्यावसायिक वातावरण के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के गुर सिखाए।

इस अवसर पर कॉलेज की डायरेक्‍टर पूर्णिमा नेगी, कार्यकारी निदेशक अजय राज नेगी, डायरेक्‍टर प्रबंधन ले.कर्नल बीएस गुसाईं, मैनेजमेंट विभागाध्‍यक्ष सुरेंद्र सिंह जगवान सहित विभाग के सभी प्राध्‍यापक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *