छात्र छात्राओं ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति
सिद्धबली न्यूज डेस्क
कोटद्वार। नवयुग पब्लिक स्कूल, कोटद्वार में उत्तराखंड स्थापना दिवस अत्यंत उल्लास, उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। पूरा विद्यालय परिसर उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं की झलक से सराबोर दिखाई दिया। कक्षाओं, ग्रीन बोर्डों और दीवारों को राज्य की कला, संस्कृति, लोकनृत्य और प्राकृतिक सौंदर्य दर्शाने वाले मनमोहक चित्रों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण “उत्तराखंडी रंग” में रंग उठा।

इस अवसर पर विद्यालय में विविध सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।छात्रों को उत्तराखंड के इतिहास व सांस्कृतिक समृधि पर आधारित केन्द्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा प्रस्तुत वीर भूमि डॉक्यूमेंटरी दिखाई गयी। विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, उत्तराखंड सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, भाषण प्रतियोगिता, लोकनृत्य प्रदर्शन, पहाड़ी परिधान फैन्सी ड्रेस शो, तथा पारंपरिक व्यंजनों से युक्त टिफिन प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने अपनी प्रतिभा और सृजनशीलता से सबका मन मोह लिया।प्रधानाचार्या नीलम नेगी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को उत्तराखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड हमारी संस्कृति, साहस और सरलता का प्रतीक है। इस भूमि की परंपराएँ हमें अपनी जड़ों से जोड़े रखने का संदेश देती हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को उत्तराखंड की लोककला, लोकसंगीत और साहित्य के संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्रशासक अर्पिता नेगी के कुशल निर्देशन और देखरेख में सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में सांस्कृतिक चेतना और प्रदेश के प्रति गर्व की भावना को जागृत करते हैं। मंच का संचालन षिक्षिका पूनम गौनियाल के द्वारा गढ़वाली एवं कुमॉउनी भाशा में किया गया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिसर “जय उत्तराखंड”, “हमारा गौरव दृ हमारा राज्य” जैसे नारों से गूंज उठा। विद्यार्थियों और शिक्षकों के चेहरों पर अपनी मातृभूमि के प्रति गर्व और उमंग की झलक स्पष्ट दिखाई दी।