भारत जोड़ो यात्रा 2.0 की तैयारी में राहुल गांधी, इस बार वाहन भी होंगे यूज

कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा 2.0 की तैयारी में है। पहली यात्रा की सफलता को देखते हुए कांग्रेस दोबारा इसे शुरू करने पर विचार कर रही है। सूत्रों के हवाले से बताया गया कि आगामी दिसंबर से फरवरी के बीच दूसरी भारत जोड़ो यात्रा हो सकती है। कहा जा रहा है कि इन तीन महीनों में इस यात्रा के कभी भी शुरू होने के आसार हैं।

राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाली यह यात्रा इस बार हाइब्रिड मोड में होगी, जिसमें पैदल चलने के साथ ही गाड़ियों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। बीते अगस्त में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बड़ी जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी गुजरात से मेघालय तक की पदयात्रा करने वाले हैं।

कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने इसी साल सितंबर में भारत जोड़ो यात्रा 2.0 को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि फिलहाल पार्टी भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण की योजना बना रही है। ऐसे में कांग्रेस की ओर से इस यात्रा को लेकर अभी तक विस्तार से जानकारी नहीं दी गई है।

माना जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान फिलहाल यह तय करने में जुटा है कि इस बार की पदयात्रा किन राज्यों से होकर गुजरेगी। 2024 में आम चुनाव होने हैं। ऐसे में लोकसभा इलेक्शन से पहले राहुल गांधी के नेतृत्व में इस तरह की यात्रा बेहद अहम हो जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!