यमकेश्वर ब्लॉक के पठोल गांव की घटना, ग्रामीणों में दहशत
सिद्धबली न्यूज डेस्क
कोटद्वार। यमकेश्वर ब्लॉक के पठोल गांव के पास चारा पत्ती लेने जंगल जा रही एक बुजुर्ग महिला पर भालू ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला का राजकीय बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर में 70 वर्षीय विधाता देवी पत्नी तुलसी सिंह पड़ोसी महिला ऊषा देवी के साथ घर से कुछ दूरी पर पशुओं के लिए चारा-पत्ती लेने जा रही थी। तभी जड़ी के अंदर घात लगाए बैठे भालू ने महिलाओं पर हमला कर दिया। ऊषा देवी हमले में बाल-बाल बच गई और विधाता देवी लड़खड़ाकर गिर गईं। भालू ने उन्हें बुरी तरह नोंच डाला। महिला के पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं हैं।
घायल वृद्धा के चिल्लाने पर भालू उन्हें लहूलुहान कर झाड़ियों में भाग गया। तभी वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वृद्धा परिजन उसको लेकर बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचे। यहां सर्जरी के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। भालू के हमले से क्षेत्र में दहशत फैली है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने की मांग की है।