सीसीआरटी दिल्ली के ओरिएंटेशन कोर्स में छाई उत्तराखंड की टीम

कार्यशाला में पूरे देश के सोलह राज्यों से कुल एक सौ पंद्रह शिक्षकों ने किया प्रतिभाग, ‘नंदा राजजात’ के मंचन ने मोहा सबका मन

सिद्धबली न्यूज डेस्क

दिल्ली। सीसीआरटी दिल्ली में आयोजित इक्कीस दिवसीय ओरिएंटेशन कोर्स में उत्तराखंड की टीम सभी के आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस कार्यशाला में पूरे देश के सोलह राज्यों से कुल एक सौ पंद्रह शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।

कार्यशाला में प्रथम दिन से ही उत्तराखंड से सम्मिलित शिक्षक अपनी सांस्कृतिक वेशभूषा, संगीत तथा भाषा कौशल के कारण अन्य राज्यों से आए शिक्षकों के मध्य आकर्षण और प्रशंसा के केंद्र बने रहे। प्रत्येक दिन होने वाले अलग अलग राज्यों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी उत्तराखंड के शिक्षकों द्वारा उदार हृदय दिखाते हुए सभी को सहयोग प्रदान किया।

उत्तराखंड टीम का नेतृत्व कर रहे दिनेश चंद्र पाठक ने बताया कि यह हमारे लिए गर्व का विषय था कि अन्य राज्यों के शिक्षक भी हम पर अपना विश्वास जताते हुए अपने कार्यक्रमों हेतु सहयोग माँग रहे थे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की इसी कड़ी में उत्तराखंड की टीम द्वारा भी सीसीआरटी के भव्य मंच पर ‘नंदा राजजात’ का मंचन किया गया। जिसे देखकर सभी दर्शक भाव विभोर हुए बिना नहीं रह सके। बताया कि यह कार्यक्रम भाषा की सीमाओं को लांघता हुए प्रत्येक दर्शक से प्रशंसा प्राप्त करने में सफल रहा।
कार्यशाला की संपूर्ण अवधि में जहां दिनेश चंद्र पाठक, हिमांशु जोशी, अशोक कुमार, तथा जयंत कुमार सांगीतिक पक्ष सम्हाल रहे थे, वहीं अंजली नेगी, रिंकी सिंह, रीना, तथा सृष्टि बोरा कला तथा नृत्य में अपना हुनर दिखा रही थीं। हरीश सती तथा अखिलेश घिल्डियाल के उत्कृष्ट मंच संचालन से सभी को प्रभावित किया। साथ ही केशव बिजल्वाण, लोकेश सिंह, अनिल कुमार त्रिपाठी, अरुण सेमल्टी तथा मनवीर भारती भी अपने हरफनमौला अंदाज़ से पर्दे के पीछे तथा पर्दे पर अपनी अलग ही छटा बिखेरते रहे।


कार्यक्रम के अंतिम दिन भारत की प्रादेशिक भाषाओं के गीत प्रस्तुत किए गए, जिस में उत्तराखंड की टीम की प्रमुख भूमिका रही। सीसीआरटी के उप निदेशक ने मंच से इस कार्यक्रम की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *