डीएवी. नेशनल स्पोर्ट्स 2026: जोश, जुनून और जीत का शानदार आगाज़

डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, कोटद्वार में आयोजित की गई खेल प्रतियोगिताएं

सिद्धबली न्यूज डेस्क

कोटद्वार। बलभद्रपुर स्थित डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, कोटद्वार में डी.ए.वी. प्रबंध कर्तृ समिति, नई दिल्ली के तत्वावधान में डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स–2026 (क्लस्टर-ए, यूके ज़ोन) के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। मैदान में खिलाड़ियों के जोश, उमंग, ऊर्जा और खेल भावना का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

इस खेल महोत्सव के अंतर्गत फुटबॉल, बॉक्सिंग एवं स्विमिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें डीएवी पब्लिक स्कूल कोटद्वार, डीएवी जगजीतपुर (हरिद्वार), बी.एम. डीएवी हरिद्वार तथा डीएवी देहरादून के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की पर्यवेक्षिका श्रीमती सारिका रावत द्वारा सभी आगंतुक छात्र-छात्राओं का आत्मीय स्वागत कर किया गया। इसके पश्चात खेल शिक्षक श्री अजय व्यास ने ध्वजारोहण किया। सभी खिलाड़ियों ने निष्पक्षता, अनुशासन एवं खेल भावना की शपथ ली। डीएवी गान की मधुर प्रस्तुति के साथ प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ हुआ और पूरा परिसर उत्साह एवं उल्लास से गूंज उठा।

फुटबॉल प्रतियोगिता में मेजबान डीएवी कोटद्वार का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। अंडर-14 वर्ग में डीएवी कोटद्वार और डीएवी जगजीतपुर (हरिद्वार) के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें कोटद्वार की टीम ने 2–1 से शानदार विजय प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।

अंडर-19 वर्ग में डीएवी कोटद्वार ने डीएवी देहरादून को 6–0 के बड़े अंतर से पराजित कर दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरकर जोनल स्तर के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।बॉक्सिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने दमखम, अनुशासन एवं उत्कृष्ट तकनीकी कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विभिन्न भार वर्गों में डीएवी देहरादून, एवं डीएवी कोटद्वार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण एवं रजत पदक अर्जित किए। विजेता खिलाड़ियों में बालक वर्ग (अंडर 17)अनिकेत मनोडी (57–60 किग्रा), रुद्रांश कौशल (60–63 किग्रा), आयुष तिवारी (63–66 किग्रा), कृष्णा नेगी (66–70 किग्रा), (अंडर 14)आयुष्मान राणा (36–38 किग्रा) तथा बालिका वर्ग (अंडर 17) में ऐश्वर्या सिंह (46–48 किग्रा) ने अपने-अपने वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जोनल स्तर के लिए क्वालीफाई किया।

स्विमिंग प्रतियोगिता में बालक वर्ग अंडर-17 की 50 मीटर एवं 100 मीटर स्पर्धा में शुभम ढुल (बी.एम. डीएवी हरिद्वार) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए तथा जोनल स्तर के लिए क्वालीफाई किया।
इसी क्रम में बी.एम. डीएवी हरिद्वार में आयोजित वूशू, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, योग आदि प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किए और जोनल स्तर की ओर आत्मविश्वास के साथ कदम बढ़ाए।

समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य नितिन भाटिया ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना का सशक्त मंच हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *