डीएवी स्कूल की कार्यशाला में शिक्षकों को मिली सकारात्मक ऊर्जा

 नई सीख के साथ तीन दिवसीय शिक्षक क्षमता निर्माण कार्यशाला सम्पन्न 

सिद्धबली न्यूज डेस्क

कोटद्वार। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, कोटद्वार में शिक्षक शिक्षण कौशल संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय शिक्षक क्षमता निर्माण कार्यशाला सम्पन्न हो गई।  कार्यशाला के दौरान शिक्षकों ने गणित शिक्षण की नवीन तकनीकों, प्रभावी शिक्षण विधियों तथा पुस्तकालय के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वाध्याय (सेल्फ रीडिंग) की रुचि विकसित करने संबंधी विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया ।

समापन समारोह में सभी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के क्षेत्रीय अधिकारी पी. सी. पुरोहित ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों में नवाचार को प्रोत्साहित करते हैं तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं अनुभवों को कक्षा शिक्षण में प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य नितिन भाटिया ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के क्षमता निर्माण कार्यक्रम शिक्षकों को नवीन शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराते हैं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।

विद्यालय प्रशासन ने डी.ए.वी. कॉलेज प्रबंधकृत समिति के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति द्वारा समय-समय पर आयोजित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक विकास को नई दिशा प्रदान करते हैं तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

इसके अतिरिक्त डी.ए.वी. संस्थानों के शिक्षकों के लिए विज्ञान, अंग्रेजी, कंप्यूटर विज्ञान, हिंदी, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, सामाजिक विज्ञान, इतिहास, अर्थशास्त्र, शारीरिक शिक्षा, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, संस्कृत एवं ई.ई.डी.पी. (EEDP) सहित विभिन्न विषयों की क्षमता निर्माण कार्यशालाएं उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार एवं हल्द्वानी में आयोजित की गईं।

कार्यशाला के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में अनिल जखमोला एवं विकास गुप्ता का विशेष सहयोग रहा, जिसके लिए विद्यालय परिवार ने उनका आभार व्यक्त किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *