संदिग्ध परिस्थितियों में फ्लैट में लटका मिला किशोरी का शव

परिजनों ने हंगामा काटते हुए सड़क पर लगाया जाम

सिद्धबली न्यूज डेस्क

देहरादून:  घर पर काम करने वाली एक किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फ्लैट के शौचालय में लटका पाया गया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने खूब हंगामा काटा और सड़क जाम कर दी।  तहरीर पर नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने मकान मालिक सहित तीन के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़, हत्या व पोक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

रेसकोर्स स्थित विधायक होस्टल के निकट अभिषेक लूथरा के फ्लैट पर 15 साल की किशोरी काम करती थी। गुरुवार सुबह नौ बजे उसने शौचालय में जाकर संदिग्ध परिस्थितियाें में फांसी लगा दी। इसके बाद अभिषेक लूथरा व अन्य किशोरी को लेकर कोरोनेशन अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गुस्साए किशोरी के परिजनों ने फ्लैट पर आकर तोड़फोड़ की और लूथरा पर किशोरी का यौन शोषण व हत्या का आरोप लगाया। मामला जब नेहरू कालोनी थाने पहुंचा तो पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मृतका के संबंध में जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि किशोरी धर्मपुर की रहने वाली थी और माता-पिता तथा चार अन्य भाई बहनों के साथ रहती थी। मृतका के पिता की तहरीर पर थाना नेहरु कालोनी थाने में अभिषेक उर्फ राजा लूथरा उसकी पत्नी तथा एक अन्य अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही लूथरा व घर पर रहने वाले अन्य से पूछताछ शुरू की गई।

उन्होंने बताया कि फ्लैट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर पता चला कि किशोरी सुबह लगभग नौ बजकर 27 मिनट पर स्टूल लेकर शौचालय की ओर जाती दिखाई दी, जहां उसने स्टूल पर चढ़कर कपड़े का फंदा बनाकर फांसी लगा दी। करीब 10 बजकर 19 मिनट पर अभिषेक लूथरा सहित चार-पांच अन्य उसे खोजते हुए शौचालय की ओर जाते दिखाई दिए। शौचालय में जाकर उन्होंने किशोरी को फंदे से नीचे उतारा और वापस लाकर प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की। इसके बाद वह किशोरी को अस्पताल लेकर गए।

एसएसपी ने बताया कि डाक्टरों के पैनल ने मृतक का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हेंगिंग पाया गया है। साथ ही मृतक के शरीर पर कोई बाहरी चोटों के निशान नहीं पाए गए और ना ही यौन उत्पीड़न की बात रिपोर्ट में आई है। चिकित्सकों के बयान दर्ज किए गए हैं। फांसी लगाने के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!