MKVN में गायत्री महायज्ञ कर मनाया गया स्थापना दिवस

छात्र-छात्राओं सहित सभी शिक्षकों ने उत्साह के साथ यज्ञ में किया प्रतिभाग 

सिद्धबली न्यूज डेस्क

कोटद्वार। कण्वघाटी स्थित एमकेवीएन सीनियर सेकेण्डरी स्कूल में स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय प्रांगण में स्थित यज्ञशाला में गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंडित अमन धूलिया शास्त्री जी के सानिध्य में वेदमाता गायत्री महायज्ञ संपन्न कराया गया। विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं सहित सभी शिक्षकों ने उत्साह के साथ इस यज्ञ मंे प्रतिभाग किया। स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री प्रकाश चन्द्र कोठारी एवं शिक्षा निदेशिका श्रीमती सिन्धु कोठरी जी द्वारा केक काटकर सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएँ दी गई।

एमकेवीएन स्कूल कण्वघाटी की स्थापना संस्थापक संरक्षक पूज्य महाराज देवी प्रसाद शर्मा जी व माताजी गोदावरी देवी कोठारी जी के सानिध्य में 04 मई 1992 में श्री प्रकाश चन्द्र कोठारी जी एवं श्रीमती सिन्धु कोठारी जी के द्वारा की गई थी। तब से लगातार यह विद्यालय नई-नई ऊँचाईयों को छू रहा है एवं क्षेत्र के विभिन्न छात्र-छात्राओं को बड़े-बड़े मुकामों तक पहँुचानें में मददगार भी साबित हो रहा है। इस उपलक्ष्य पर श्री प्रकाश चन्द्र कोठारी जी ने भी अपने सम्बोधन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को छात्र-छात्राओं के कुशल मागदर्शन करने के लिए सराहा। उन्होंने बच्चों को जीवन में शिक्षा के महत्व को बताया एवं जीवन में उन्नति करने के लिए शिक्षा का क्या स्थान है इस विषय पर भी अपने विचार व्यक्त किये। भविष्य में एमकेवीएन प्रबंधन द्वारा स्टाफ व बच्चों के लिए और बेहतर वातावरण तैयार करने का संकल्प लिया।

विद्यालय के स्थापना दिवस के मौके पर विद्यालय के कार्यकारी निदेशक श्री मयंक प्रकाश कोठारी ‘भारतीय’ जी ने कहा कि पिछले 34 वर्षों में स्कूल ने नए आयाम स्थापित किए और क्षेत्र के विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास में अप्रतिम योगदान देता रहा है। छात्र-छा़त्राओं को आधुनिक युग में आगे बढ़ते हुए अपनी वैदिक संस्कृति व संस्कारों को जीवित रखने का संदेश देते हुए संपूर्ण विश्व के उत्थान के लिए मंगलकामना के साथ सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर विद्यालय के कार्यकारी निदेशक श्री मयंक प्रकाश कोठारी ‘भारतीय’ जी, शिक्षा निदेशिका श्रीमती सिन्धु कोठारी, विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक श्री विपिन जदली जी, प्रधानाचार्य श्रीमती सुनीता नैथानी, अशोक जखमोला, पुष्कर कुमार, सीमा पटवाल, श्रीमती पुष्पा केष्टवाल, ऋतु, ज्योति, आदि शिक्षक-शिक्षिकाएँ मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *