अनीशा और बिपाशा ने इंडियन इंस्टीट्रयूट ऑफ मैनेजमेंट बोधगया बिहार के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रस्तुति किए लघु शोध
सिद्धबली न्यूज डेस्क
कोटद्वार। इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी, मैनेजमेंट एंड साइंसेस (आईएचएमएस ) की ओर से इंडियन इंस्टीट्रयूट ऑफ मैनेजमेंट बोधगया बिहार में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रतिभाग किया गया। जिसमें कॉलेज के मैनेजमेंट विभाग की छात्राओं ने अपने लघु शोध प्रस्तुत कर सराहना बटोरी।
मैनेजमेंट विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर प्रदीप भट्ट ने बताया कि गत दिनों इंडियन इंस्टीट्रयूट ऑफ मैनेजमेंट बोधगया बिहार की ओर से आईएचएमएस कॉलेज को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए आमंत्रण दिया गया था। जिसमें कॉलेज में संचालित मैनेजमेंट कोर्स की दो छात्राओं अनीशा भंडारी और बिपाशा गुसाईं ने “कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोजगार परिवर्तन पर इसका प्रभाव” विषय पर अपने लघु शोध प्रस्तुत करते हुए कृतिम बुद्धिमत्ता को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया। कहा कि यह तकनीक जहां एक ओर दोहराए जाने वाले और साधारण कार्यों को स्वचालित बनाकर कुछ पारंपरिक नौकरियों को कम कर रही है, वहीं दूसरी ओर नई प्रकार की नौकरियों के अवसर भी पैदा कर रही है, जैसे डेटा विश्लेषण, मशीन लर्निंग और साइबर सुरक्षा। एआई के कारण कार्य करने का तरीका बदल रहा है, जिसमें मानव और मशीन का सहयोग बढ़ रहा है। इसलिए, यह जरूरी है कि शिक्षा प्रणाली और नीतियों में सुधार किया जाए, ताकि लोग इस परिवर्तन के दौर में बेहतर तरीके से खुद को तैयार कर सकें।
अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन पर कॉलेज के प्रबंध निदेशक बीएस नेगी, निदेशक प्रबंधन ले. कर्नल बीएस गुसाईं (सेनि), कॉलेज के कार्यकारी निदेशक अजयराज नेगी प्राचार्य डॉ. अश्वनी शर्मा, पीआरओ नरेश थपलियाल और मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष सुरेंद्र जगवान ने छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।