डीएवी के शिक्षकों ने सीखे मानसिक स्वास्थ्य , तनाव प्रबंधन के गुर

स्कूल में शिक्षकों के लिए सीबीएसई ने आयोजित की मेंटल हेल्थ’ विषय पर कार्यशाला

सिद्धबली न्यूज डेस्क

कोटद्वार। डीएवी स्कूल कोटद्वार में सीबीएसई के तत्वाधान में ‘मेंटल हेल्थ’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
विद्यालय में शनिवार को शिक्षकों के मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक संतुलन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से “मेंटल हेल्थ अवेयरनेस” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन तथा सकारात्मक सोच के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में बेहतर सामंजस्य स्थापित कर सकें।
सर्वप्रथम सीबीएसई के विशेषज्ञ वक्ता  अनिल बिंजोला एवं  हर्षवर्धन, पर्यवेक्षिका सारिका रावत, अजय कुमार व्यास व सचिन मित्तल के द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञ वक्ता द्वारा मानसिक स्वास्थ्य की संकल्पना, उसके प्रकार, मानसिक तनाव के कारण, लक्षण एवं उससे बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने शिक्षकों को दैनिक जीवन में अपनाए जाने वाले विभिन्न तनाव प्रबंधन तकनीकों जैसे—ध्यान , योग, समय प्रबंधन तथा सकारात्मक संवाद आदि के बारे में भी बताया।
इस अवसर पर समूह चर्चा, गतिविधि आधारित सत्र तथा प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया गया।
कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों ने इस प्रकार के कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। अंत में श्वेता राय के द्वारा विशेषज्ञ वक्ता एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस प्रकार यह कार्यशाला शिक्षकों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *