“यादों के संग विदाई – हैप्पी होम स्कूल में कक्षा 12वीं का फेयरवेल समारोह यादगार बना”
सिद्धबली न्यूज डेस्कई
कोटद्वार। हैप्पी होम स्कूल, कोटद्वार में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए फेयरवेल समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण ढंग से किया गया। कक्षा 11वीं के छात्र छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर 12वीं के विद्यार्थियों को भावपूर्ण विदाई दी। विद्यालय प्रबंधन में उन्हें सुनहरे भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

जौनपुर स्थित विद्यालय परिसर को इस अवसर पर रंग-बिरंगे फूलों, गुब्बारों और सजावटी पट्टियों से आकर्षक रूप से सजाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निर्देशिका महोदया श्रीमती उषा सिंह के कर कमलों द्वारा किया गया। इसके पश्चात् कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ साथियों के सम्मान में शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम में नृत्य, गीत, कविताएँ, नाट्य मंचन और स्मृतियों से भरी वीडियो प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया।
कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय जीवन की यादों को साझा करते हुए शिक्षकों और मित्रों के प्रति आभार व्यक्त किया। कुछ विद्यार्थियों ने भावुक स्वर में कहा कि “हैप्पी होम स्कूल केवल पढ़ाई की जगह नहीं, बल्कि एक परिवार रहा है जहाँ हमने जीवन जीना सीखा।”
प्रधानाचार्या शालिनी सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “विद्यालय जीवन का यह पड़ाव आपके भविष्य की नई राहों की शुरुआत है। हमें विश्वास है कि आप सब अपने कर्म, नैतिकता और प्रयासों से समाज में एक सकारात्मक परिवर्तन लाएँगे और विद्यालय का नाम गर्व से ऊँचा करेंगे।”

इसके बाद मिस्टर फेयरवेल और मिस फेयरवेल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने आत्म-विश्वास और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मिस हैप्पी होम का खिताब अमीशा राज सिंह ने और मिस्टर हैप्पी होम का खिताब मनीष कुमार शर्मा ने अपने नाम किया। मिस स्पार्क का खिताब आस्था और मिस्टर स्पार्क का खिताब तनुज बिष्ट ने जीता।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा और व्यक्तित्व के आधार पर विशेष उपाधियाँ प्रदान की गईं। मिस्टर हैंडसम मोहम्मद तमसी अब्बासी, मिस्टर चार्मिंग प्रियांशु, मिस्टर स्पोर्ट मास्ट्रो मयंक नोडियाल, मिस कैरिज़्मा शुमैला, मिस कॉन्जेनियलिटी प्रियांशी, मिस एलीगेंस सृष्टि कुकरेती, मैडम क्यूरी हिमानी, मिस ट्विंकलिंग टोज़ ईशिता, मिस रे ऑफ सनशाइन समीक्षा, मिस बार्बी शहरीन, मिस ब्यूटी विद ब्रेन मांडवी, मिस एंजल गार्गी, मिस फ्यूचर सिटिज़न निदा, मिस लेडी चार्मिंग श्रेया ठाकुर, मिस दीवा दीक्षा, मिस कॉन्फिडेंट अल्फा तथा मिस एलोक्वेंस प्राची को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक अमित राज सिंह ने 12वीं के छात्र छात्राओं को सुनहरे भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्र छात्राओं से विद्यालय से मिली शिक्षा के माध्यम से विद्यालय, क्षेत्र और देश का नाम रौशन करने की अपील की।

कार्यक्रम की सफलता का श्रेय कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों की मेहनत और सृजनशीलता को जाता है, जिन्होंने पूरे समर्पण और उत्साह के साथ आयोजन को यादगार बनाया। विद्यालय की अध्यापिका अंकिता बोखंडी और विद्यालय के अध्यापक राहुल सिंह और मोहित बिंजोला के मार्गदर्शन एवं सहयोग से प्रत्येक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। सजावट से लेकर मंच-संचालन तक, हर कार्य में उनकी टीम भावना और रचनात्मक सोच झलक रही थी। विद्यालय परिवार ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।
समारोह के अंत में शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को आशीर्वचन दिए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ की गईं। समूचे आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और प्रबंधन समिति का सहयोग सराहनीय रहा। समारोह ने न केवल विद्यार्थियों को सुंदर यादें दीं, बल्कि जीवन के अगले चरण में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी प्रदान की। विदाई के इन पलों में आँखों में नमी थी, पर होंठों पर मुस्कुराहट और दिल में सपनों की उड़ान थी।