– दिल्ली- पौड़ी हाईवे पर शुरू हो रहा है एक और टोल टैक्स
सिद्धबली न्यूज डेस्क
कोटद्वार। दिल्ली से कोटद्वार जाने वाले यात्रियों को अब मवाना में भी टोल टैक्स देना होगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने मवाना बहसूमा बाईपास हाईवे को झुनझुनी गांव तक लगभग तैयार कर दिया है। इस पर जल्द ही वाहन फर्राटा भरेंगे। मवाना-बहसूमा हाईवे पर भैंसा गांव के सामने बने टोल प्लाजा पर जनवरी 2024 से टोल वसूलने की तैयारी की जा रही है। जनवरी 2024 तक मेरठ से झुनझुनी गांव तक करीब 40 किमी. दूरी तक का हाईवे बनकर तैयार हो जाएगा।
बताते चलें कि राष्ट्रीय राजमार्ग 119 मेरठ- पौड़ी पर फोर लेन का निर्माण तीन वर्षों से चल रहा है। इस हाईवे पर कई पुलों को यातायात के लिए खोल दिया गया है। मवाना मार्ग पर सैनी गांव के सामने ओवरब्रिज दो दिन पहले खोल दिया गया है। वहां पर लगने वाले जाम से वाहना चालकों को मुक्ति मिल गई है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण प्रशासनिक प्रबंधक अभय प्रताप सिंह ने बताया कि हाईवे पर बने टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली केवल फास्टैग से की जायेगी। इसके अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं रहेगा। नकद देने पर टोल टैक्स का दोगुना भुगतान करना पड़ेगा।