रेडियोएक्टिव: कहीं उत्तराखंड को दहलाने की तो नहीं थी साजिश ?

पूर्व आयकर अधिकारी के घर पर हो रही थी रेडियोएक्टिव की खरीद फरोख्त

सिद्धबली न्यूज डेस्क
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक  केमिकल डिवाइस के साथ पुलिस ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। जब पुलिस को इस डिवाइस की जानकारी मिली थी तो इसे रेडियोएक्टिव पदार्थ से संबंधित बताया जा रहा था। जिसके बाद पुलिस सकते में आ गई और किसी आतंकी घटना की आशंका को देखते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई। आनन-फानन में डिवाइस की जांच के लिए बुलंदरशहर से रेडिएशन इमरजेंसी रिस्पांस टीम बुलाई गई। परीक्षण में रेडिएशन की जगह केमिकल होने पर अब डिवाइस को जांच के लिए भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र भेजा गया है। ताकि डिवाइस की सत्यता को लेकर स्पष्ट जानकारी प्राप्त की जा सके। दूसरी तरफ दून में डिवाइस लाने की मंशा जानने के लिए पुलिस आरोपित युवकों से गहन पूछताछ में जुट गई है।

हालांकि, अभी यह पता चल पाया है कि डिवाइस को खरीद फरोख्त के लिए दून लाया गया था और इसकी डील करोड़ों रुपए में की जानी थी। इस डील में तीन अन्य आरोपितों की जानकारी भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए नोएडा और सहारनपुर में दबिश दी जा रही है ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि जाखन स्थित ब्रुक एंड वुड्स सोसाइटी में पूर्व आयकर आयुक्त श्वेताभ सुमन का फ्लैट है, जिसे कुछ बाहरी व्यक्तियों को किराए पर दिया है। गुरुवार को सूचना मिली कि फ्लैट में कुछ संदिग्ध व्यक्ति अपने साथ कोई रेडियोएक्टिव पदार्थ की डिवाइस व अन्य सामग्री लेकर आए हैं। व्यक्ति डिवाइस की खरीद फरोख्त की बात कर रहे हैं। सूचना पर थाना राजपुर से एक टीम मौके पर भेजी गई, जहां पांच व्यक्ति मिले। उनके पास से एक डिवाइस जिस पर रेडियोग्राफी कैमरा निर्मित विकिरण और आइसोटोप प्रौद्योगिकी बोर्ड भारत सरकार परमाणु ऊर्जा विभाग भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र नवी मुंबई लिखा हुआ था। इसके साथ ही एक काले रंग का बाक्स मिला, जिसे फ्लैट में मौजूद व्यक्तियों ने रेडियाे एक्टिव पावर आर्टिकल बताया और उसे खोलने पर रेडिएशन का खतरा होने की बात कही।
मामला सुरक्षा से जुड़ा हुआ था और रेडिएशन फैलने की आशंका को देखते हुए उपकरणों वाले कमरे को सील करते हुए मौके पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम ने टेलीटेक्टर, अल्साइन मानिटर व मिनि रेड बीटा इंटरनल उपकरणों से डिवाइस की जांच की तो उसमें रेडियो एक्टिव तत्व होने की आशंका जताई गई। जिसे बाद एसएसपी अजय सिंह ने तत्काल भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र मुंबई को डिवाइस के संबंध में जानकारी दी। जिसके क्रम में नरोरा बुलंदशहर से नरोरा एटोमिक पावर स्टेशन से रेडिएशन इमरजेंसी रिस्पांस टीम शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने लगभग तीन से चार घंटे तक डिवाइस का परीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में टीम को डिवाइस में रेडियो एक्टिव पदार्थ तो नहीं मिले, लेकिन उसमें कुछ अन्य केमिकल होने की बात सामने आई। केमिकल की जांच के लिए डिवाइस को गहन परीक्षण के लिए भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र मुंबई भेजे जाने की संस्तुति की गई। पुलिस के मुताबिक डिवाइस को परमाणु अनुसंधान केंद्र भेज दिया गया है।

पुलिस ने इन आरोपितों को किया गिरफ्तार

– सुमित पाठक निवासी विजयनगर आगरा, उत्तर प्रदेश वर्तमान निवासी आधार अपार्टमेंट नगला, न्यू आगरा उत्तर प्रदेश

– तबरेज आलम निवासी रिढी ताजपुर थाना बेहट, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश

– सरवर हुसैन निवासी मोहन गार्डन, उत्तम नगर, नई दिल्ली

– जैद अली निवासी बडोवाली मस्जिद, थाना जहांगीराबाद, भोपाल मध्य प्रदेश

– अभिषेक जैन निवासी टाप रेजिडेंसी, थाना करोल, भोपाल मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *