जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आतंकी हमले में हुए शहीद, सेना ने सोमवार देर रात उनके बलिदान होने की खबर परिजनों को दी
सिद्धबली न्यूज डेस्क
देहरादून। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकी हमले में उत्तराखंड का लाल राइफलमैन आदर्श नेगी देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करते हुए शहीद हो गए। इस खबर के बाद उनके घर में कोहराम मचा है।
26 वर्षीय आदर्श टिहरी जिले के कीर्तिनगर ब्लॉक के थाती डागर गांव के रहने वाले थे। उनके पिता दलबीर सिंह नेगी गांव में ही खेतीबाड़ी का काम करते हैं। आदर्श की बारहवी तक की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज पिपलीधार से हुई। 2019 में वह गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हो गए। उस दौरान वह गढ़वाल विश्वविद्यालय से बीएससी द्वितीय वर्ष थे।
आदर्श तीन भाई बहन में सबसे छोटे थे। उनकी बहन की शादी हो चुकी है और भाई चेन्नई में नौकरी करता है। वह इसी साल फरवरी में अपने ताऊ के लड़के की शादी में घर आए थे। सोमवार देर रात उनके बलिदान होने की खबर स्वजन को दी गई। यह जानकारी मिलते ही उनके घर में मातम छा गया।