आदमखोर से भिड़ी लीला, साथियों की मदद से मौत के मुंह से निकल आई

सल्ट क्षेत्र के लुहेड़ा गांव का मामला, पड़ोसी महिलाओं के साथ घास लेने घर से 100 मीटर दूर खेत में गई थी महिला

सिद्धबली न्‍यूज डेस्‍क

कोटद्वार। सल्ट क्षेत्र में तेंदुए ने घर के पास एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। लीला दो मिनट तक आदमखोर से लड़ती रही, साथी महिलाओं के शोर मचाने पर तेंदुआ भागा। महिला को स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार सुबह नौ बजे के करीब सल्ट के लुहेड़ा निवासी लीला देवी (50) पत्नी महेंद्र सिंह अपनी पड़ोसी महिलाओं के साथ घास लेने घर से 100 मीटर दूर खेत में गई थी। इसी बीच घात लगाए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। उसने हौसला दिखाते हुए तेंदुए की पकड़ से खुद को छुड़ाने का प्रयास किया। साथियों के शोर के साथ उसका यह प्रयास सफल रहा। दो मिनट तक चले संघर्ष के बाद तेंदुआ भाग गया तब उसकी जान बच सकी। हालांकि इस घटना में तेंदुए ने उसके शरीर पर गहरे घाव कर दिए। परिजनों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भौनखाल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रामनगर रेफर कर दिया।

वन विभाग के मुताबिक बीते 30 जून को ग्रामीणों ने गांव के आसपास तेंदुआ दिखाई देने की सूचना दी थी। वन विभाग की टीम ने उसी दिन गांव पहुंचकर तेंदुए की सक्रियता का पता लगाने का प्रयास किया। तब से टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही थ, लेकिन इसी बीच तेंदुए ने महिला पर हमला बोल दिया और वन विभाग देखता रह गया। बता दें कि जिस क्षेत्र में तेंदुए ने महिला पर हमला किया, वहां लंबे समय से इसकी सक्रियता बनी थी। चार महीने पूर्व इसी क्षेत्र में कार से उतरे एक यात्री पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!