बेटे योगी को अस्पताल में पाकर छलकीं मां सावित्री देवी की आंखें

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां का हाल जानने पहुंचे एम्स ऋषिकेश

सिद्धबली न्यूज डेस्क

ऋषिकेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश पहुंचे। यहां उन्होंने एम्स ऋषिकेश में भर्ती अपनी मां से मुलाकात की और उनका हाल चाल जाना। बेटे को अस्पताल में उनके पास पाकर मां की आंखें छलक पड़ी। उन्होंने अपना हाल बताने की बजाय बेटे की कुशलक्षेम पूछी। योगी ने भी बड़ी आत्मीयता से मां का हाथ पकड़ा और उनका हाल जाना। साथ ही उन्होंने एम्स डायरेक्टर से मिलकर अपनी मां सावित्री देवी के स्वास्थ्य की विस्तार से जानकारी ली।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद सीधे ऋषिकेश पहुंचे थे। वह दो साल बाद अपनी मां से मिल रहे थे। सीएम ने मां का हालचाल लेने के बाद एम्स के डायरेक्टर से भी मुलाकात की और मां के स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से जानकारी ली। सीएम योगी को देखकर उनकी मां सावित्री देवी बहुत प्रसन्न नजर आईं। वह यहां करीब 20 मिनट तक रुके। सीएम योगी की मां को जीरियाट्रिक वार्ड में भर्ती कराया गया है। एम्स प्रशासन के अनुसार सावित्री देवी वृद्धावस्था की दिक्कतों के चलते भर्ती हुई हैं। मालूम हो कि सीएम योगी मूल रूप से उत्तराखंड के ही रहने वाले हैं। योगी के परिजन पौड़ी गढ़वाल के पचूर गांव में रहते हैं। इससे पहले सीएम योगी 2022 में अपने पैतृक गांव गए थे। तब उन्होंने मां के पांव छूकर आशीर्वाद भी लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *