विशाल मेगा मार्ट का किया भ्रमण, सीखे स्मार्ट शॉपिंग के मंत्र
सिद्धबली न्यूज डेस्क
कोटद्वार। केवल किताबों तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन का व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराने की दिशा में एक अभिनव पहल करते हुए नवयुग पब्लिक स्कूल, मोटाढाक, कोटद्वार ने स्मार्ट शॉपिंग मिशन के अंतर्गत देवी रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट का शैक्षणिक भ्रमण कराया। इस शैक्षणिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आधुनिक रिटेल मार्केट, सुपर मार्केट तथा उपभोक्ता व्यवहार की बारीकियों को निकट से समझा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जाना कि किसी उत्पाद को निर्माता से ग्राहक तक पहुँचाने के लिए किस प्रकार सप्लाई चेन, वेयरहाउसिंग, इन्वेंट्री मैनेजमेंट, बारकोड एवं बिलिंग सिस्टम, शेल्फ मैनेजमेंट, विजुअल मर्चेंडाइजिंग, स्टॉक रोटेशन, फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स तथा स्लो मूविंग कंज्यूमर गुड्स जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं का उपयोग किया जाता है।
विद्यार्थियों ने उपभोक्ता अधिकार, *एमआरपी, मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरीरोटेशन डेट, बैच नंबर, प्रति इकाई मूल्य , *उत्पादों की तुलना, ऑफर प्राइस, डिस्काउंट प्रतिशत, कॉम्बो ऑफर, एकबख्रीदो, साथ में एक पावो’ योजनाएँ, वैल्यू फॉर मनी, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, ग्राहक सेवा तथा बिलिंग प्रक्रिया जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों का व्यावहारिक अध्ययन किया। विद्यार्थियों ने यह भी सीखा कि किसी भी वस्तु को खरीदने से पहले उसके मूल्य, गुणवत्ता, मात्रा और ऑफर का वैज्ञानिक तरीके से विश्लेषण कैसे किया जाता है। भ्रमण के दौरान सभी विद्यार्थियों ने अपनी वर्कशीट एवं विद्यालय डायरी में अवलोकन, विश्लेषण एवं ज्ञानवर्धक तथ्य दर्ज किए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या नीलम नेगी ने कहा कि आज का विद्यार्थी केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने वाला नहीं, बल्कि एक जागरूक नागरिक और समझदार उपभोक्ता भी होना चाहिए। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण बच्चों में निर्णय लेने की क्षमता, वित्तीय जागरूकता, तार्किक सोच तथा जिम्मेदार उपभोक्ता बनने की भावना विकसित करते हैं।
विद्यालय की प्रशासिका अर्पिता नेगी द्वारा इस अभिनव शैक्षणिक भ्रमण की रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने बताया कि स्मार्ट शॉपिंग मिशन का उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक बाजार व्यवस्था से जोड़ते हुए उन्हें स्मार्ट शॉपिंग, रिटेल मार्केटिंग, वित्तीय साक्षरता एवं उपभोक्ता जागरूकता का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, जिससे वे भविष्य में विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदार उपभोक्ता बन सकें।कक्षा मॉनिटर आयुष एवं प्रियांशी ने कहा कि “इस भ्रमण से हमें समझ आया कि स्मार्ट खरीदारी केवल कम कीमत पर सामान खरीदना नहीं, बल्कि सही गुणवत्ता, उचित मात्रा, बेहतर ऑफर और प्रति इकाई मूल्य का सही विश्लेषण करके समझदारी से निर्णय लेना है। अब हम अपने परिवार को भी जागरूक उपभोक्ता बनने के लिए प्रेरित करेंगे।”भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के साथ शिक्षक राजेश भंडारी, रागिनी चौहान, मनदीप रावत एवं नीरज उपस्थित रहे।