सिद्धबली न्यूज डेस्क
देहरादून। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में बारिश को लेकर एक अहम अपडेट जारी किया है। विभाग की ओर से पूर्वानुमान जताया गया है कि 9 जनवरी से मौसम का मिजाज बदल सकता हैं। मौसम विभाग ने 9 जनवरी को प्रदेश भर में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर बारिश की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि इसके बाद प्रदेश में बारिश होना संभव है।
प्रदेश में लंबे समय से बारिश नहीं होने से इसका असर फसलों पर भी पड़ रहा है। किसानों को बारिश का इंतजार है तो वहीं सेब के बागवानों को भी बर्फबारी की प्रतीक्षा है। दिसंबर का महीना सूखा ही बीतने के बाद जनवरी में भी अब तक बारिश नहीं हुई है, जिससे फसलों पर असर पड़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग का दावा है कि पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में 9 और 10 जनवरी को हल्की से माध्यम बारिश हो सकती है। जबकि ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की भी संभावना है। इस बीच मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर प्रदेश में येलो अलर्ट भी जारी किया ।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक तापमान सामान्य बना रहेगा। उधम सिंह नगर और हरिद्वार में 5 दिनों तक कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, चंपावत, नैनीताल और पौड़ी में भी सुबह और शाम के समय कोहरा नजर आ सकता है। बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 25.5 और न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। देहरादून में शुक्रवार को भी मौसम इसी प्रकार का बने रहने का अनुमान है।