बकरी चराने के लिए गया था जंगल, शुक्रवार शाम की घटना
सिद्धबली न्यूज डेस्क
कोटद्वार। बीरोंखाल ब्लॉक के पचराड़ गांव में बकरियां चराने जंगल गए युवक पर गुलदार ने हमला कर दिया। उसके साथ के अन्य युवकों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पचराड़ निवासी महेंद्र पुत्र देवेंद्र गांव से लगे जंगल में बकरियां चराने गया था। जंगल में महेंद्र की दो बकरियों को गुलदार ने निवाला बना लिया था। महेंद्र व उसके साथियों की नजर झाड़ियों में छिपे बैठे गुलदार पर पड़ी। युवकों ने गुलदार की ओर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस पर गुलदार झाड़ियों से बाहर आया और महेंद्र पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद युवकों ने शोर मचा दिया। शोर के बाद गुलदार महेंद्र को छोड़ जंगल की ओर भाग गया। महेंद्र को उसके साथी लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां उसे भर्ती किया गया है।